जयपुर: जयपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार (25 जुलाई) को एयर इंडिया फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। यह फ्लाइट जयपुर से मुंबई के लिए रवाना हुई थी। टेकऑफ के महज 18 मिनट बाद ही फ्लाइट में टेक्निकल प्रॉब्लम आ गई। इसके बाद पायलट ने जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई। फिलहाल, सभी 135 पैसेंजर फ्लाइट में ही मौजूद हैं। एयर इंडिया स्टाफ के साथ ही जयपुर एयरपोर्ट की एक्सपर्ट टीम विमान की जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, टेकऑफ के बाद पायलट को फ्लाइट के कार्गो के गेट का साइन ऑन (गेट खुला होने का संकेत) मिला। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-612 को शुक्रवार दोपहर 1 बजकर 35 मिनट पर जयपुर से मुंबई एयरपोर्ट के लिए रवाना होना था। विमान ने अपने निर्धारित वक्त से 23 मिनट देरी से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी।
18 मिनट बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
जैसे ही पायलट को कार्गो गेट साइन ऑन मिला, उन्होंने एयर ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट से संपर्क करके जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन मांगी। टेकऑफ के 18 मिनट बाद ही फ्लाइट की जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हो गई। हालांकि, फिलहाल आधिकारिक तौर पर एयर इंडिया की ओर से फ्लाइट की लैंडिंग को लेकर कोई भी बयान जारी नहीं किया गया है। यह एयरबस A320 Neo है।
एयर इंडिया ने जारी नहीं किया आधिकारिक बयान
एयर इंडिया की फ्लाइट AI-612 की मिड एयर प्रॉब्लम को टेक्निकल टीम ने दुरुस्त कर लिया है। इसके बाद दोपहर 4 बजकर 29 मिनट पर फ्लाइट मुंबई एयरपोर्ट के लिए रवाना हो चुकी है। हालांकि, एयर इंडिया की ओर से अब तक विमान में आई तकनीकी खराबी को लेकर किसी तरह का आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इंडिगो के प्लेन में भी आई तकनीकी खराबी
जयपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस की जयपुर से चंडीगढ़ की फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी आ गई। शुक्रवार को इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-7516 दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर चंडीगढ़ के लिए रवाना होने वाली थी। लेकिन फ्लाइट के स्टार्ट होते ही तकनीकी खराबी का पता चला। इसके बाद फ्लाइट को होल्ड पर रखा गया।
इंडिगो एयरलाइंस की इंजीनियरिंग विंग ने विमान की जांच की और लगभग डेढ़ घंटे में तकनीकी खराबी को दुरुस्त किया। इसके बाद दोपहर 3 बजकर 25 मिनट पर इंडिगो की फ्लाइट ने चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरी।