बरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में 100 एकड़ जमीन पर एक विशाल एम्प्लॉयमेंट जोन बनाने के निर्देश दिए हैं। यह जोन देश के लौह पुरुष सरदार बल्लभभाई पटेल के नाम पर बनाया जाएगा। जिला प्रशासन को जमीन चिन्हित करने और प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार करने के आदेश पहले ही दे दिए गए हैं।
एम्प्लॉयमेंट जोन का उद्देश्य सिर्फ रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं को उद्योगों की जरूरत के हिसाब से प्रशिक्षित करना भी है। यहां स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट, टेक्निकल ट्रेनिंग सेंटर, प्लेसमेंट सेल, इनोवेशन लैब, स्टार्टअप सपोर्ट हब और उद्योगों से जुड़े प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि एक ही परिसर में प्रशिक्षण से लेकर रोजगार तक की सभी सुविधाएं मिलने से युवाओं के लिए अवसर कई गुना बढ़ जाएंगे।
जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद संबंधित विभागों को जमीन चिन्हित करने का काम सौंप दिया गया है। जल्द ही 100 एकड़ का लोकेशन फाइनल कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसके बाद डीपीआर तैयार होगी और निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस प्रोजेक्ट को तेजी से धरातल पर उतारा जाए ताकि क्षेत्र के युवाओं को जल्द लाभ मिल सके।
एम्प्लॉयमेंट जोन में मध्यम और छोटे उद्योगों को भी स्पेस मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर इंडस्ट्री कलस्टर विकसित होंगे, जहां कंपनियां ट्रेनिंग लेकर तैयार हुए युवाओं को तुरंत रोजगार दे सकेंगी। यह मॉडल रोजगार देने के साथ-साथ बरेली को एक नए औद्योगिक हब के रूप में भी पहचान दिलाएगा।
सरकार की बड़ी योजना का हिस्सा
यूपी सरकार लगातार रोजगार और उद्योगों के विस्तार पर जोर दे रही है। सरदार पटेल एम्प्लॉयमेंट जोन इसी कड़ी का अहम हिस्सा है। यह प्रोजेक्ट सफल हुआ तो आने वाले वर्षों में बरेली न सिर्फ धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के कारण, बल्कि रोजगार के लिए भी बड़ी पसंद बनकर उभरेगा।
शहर के युवाओं का कहना है कि अब सबसे अधिक जरूरत स्किल आधारित रोजगार की है। अगर जिला स्तर पर इतना बड़ा केंद्र बनता है तो बरेली के हजारों युवाओं को अपने शहर में ही अवसर मिलेंगे और बड़े शहरों में पलायन कम होगा। सरदार पटेल के नाम पर बनने वाला यह एम्प्लॉयमेंट जोन बरेली के विकास में नया अध्याय जोड़ने जा रहा है।