प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में शुक्रवार रात बोलेरो की बस से भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 घायल हैं। जान गंवाने वाले सभी लोग बोलेरो में सवार थे। वे छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से महाकुंभ आ रहे थे। हादसा प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर मेजा इलाके में हुआ।
घायल हुए 19 लोग बस में सवार थे, जोकि मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले हैं। वे संगम स्नान के बाद वाराणसी जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह से डैमेज हो गई। श्रद्धालु छिटककर सड़क पर जा गिरे। किसी का हाथ टूटा तो किसी का सिर फट गया। कई लोग बोलेरो में ही फंस गए। शवों को बोलेरो से निकालने में ढाई घंटे का समय लगा।
बोलेरो की स्पीड ज्यादा थी: एसपी
पुलिस अधीक्षक यमुनापार विवेक यादव ने बताया कि बोलेरो में सभी पुरुष सवार थे। इसकी स्पीड बहुत ज्यादा थी। बस वाले ने ब्रेक लगाया, लेकिन सामने से आ रही बोलेरो बस में सामने से भिड़ गई। मरने वाले कोरबा के दर्री और जांजगीर चांपा जिले के रहने वाले थे। दो परिवार के लोग साथ में आए थे।
वहीं, कमिश्नर तरुण गाबा और डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ मौके पर पहुंच गए। घायलों को रामनगर सीएचसी में भर्ती करवाया गया। प्राइमरी इलाज के बाद सभी को स्वरूप रानी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।