UP News: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री आशीष पटेल एवं परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने नई रोडवेज बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस सेवा जनपद चित्रकूट को प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जोड़ेगी। इस अवसर पर आशीष पटेल ने कहा कि चित्रकूट के लोगों को इस बस सेवा के प्रारंभ होने से बहुत लाभ होगा। क्षेत्र के लोगों की सुगम आवागमन आवश्यकता को देखते हुए प्रदेश सरकार से इसकी मांग की गई थी। उन्होंने इस बस सेवा के लिए परिवहन मंत्री को अपना धन्यवाद व्यक्त किया। यह बस लखनऊ से रायबरेली, ऊंचाहार, सिराथू एवं महाकवि तुलसीदास जी की जन्मस्थली राजापुर से होते हुए हनुमानगंज तक जाएगी। यह बस सेवा मध्य प्रदेश की सीमा के करीब लगभग 3 किलोमीटर पहले तक संचालित की जा रही है। अब चित्रकूट के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग प्रदेश की राजधानी लखनऊ बिना किसी परेशानी के आवागमन कर सकेंगे।

आवश्यक परिवहन सेवा से जुड़ेंगे प्रदेश के सभी गाँव
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि आज लखनऊ से नई बस सेवा का प्रारंभ की जा रही है। यह बस प्रतिदिन लखनऊ से चलकर विभिन्न जगहों पर रूकते हुए हनुमानगंज तक जाएगी। उन्होंने बताया कि लगभग 1540 नई रूटो का चिन्हांकन किया गया है। जल्द ही सभी रूटों पर बसों को चलाने की तैयारी विभाग कर रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी गांवो को आवश्यक परिवहन सेवा से जल्द ही जोड़ दिया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधन लखनऊ अमर सहाय ने बताया कि लखनऊ से यह बस आलमबाग से सुबह 08:30 बजे रवाना होगी और हनुमानगंज दोपहर 02:15 पर पहुंचेगी। यह बस रायबरेली, उंचाहार, सिराथू और राजापुर पहुंचेगी। इसी प्रकार हनुमानगंज से 15:30 बजे चलकर आलमबाग रात्रि 21:15 पर पहुंचेगी।